हिसार, 4 फरवरी।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) हिसार में 10 एवं 11 फरवरी को अंतर-महाविद्यालय युवा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह दो दिवसीय महोत्सव विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करेगा।
इस युवा महोत्सव में छात्र सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बलदेव राज कंबोज ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव के आयोजन की पूरी जिम्मेदारी विद्यार्थियों को सौंपी गई है, जबकि शिक्षक मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षक की भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, प्रबंधन कौशल तथा निर्णय लेने की क्षमता का विकास होगा। साथ ही उन्हें टीमवर्क और आयोजन से जुड़ा व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त होगा।
महोत्सव के दौरान संगीत, नृत्य, नाटक, वाद-विवाद, कविता-पाठ सहित अनेक सांस्कृतिक और साहित्यिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। यह आयोजन विद्यार्थियों को अपनी सृजनात्मक अभिव्यक्ति के लिए मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ आपसी समन्वय, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना को भी बढ़ावा देगा।
अंतर-महाविद्यालय युवा महोत्सव में एचएयू से संबद्ध आठ महाविद्यालयों के विद्यार्थी भाग लेंगे। इनमें कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर, हिसार कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर (कौल एवं बावल), कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चरल इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, कॉलेज ऑफ बायोटेक्नोलॉजी, कॉलेज ऑफ बेसिक साइंसेज एंड ह्यूमैनिटीज, कॉलेज ऑफ कम्युनिटी साइंस तथा कॉलेज ऑफ फिशरीज साइंस शामिल हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें